उत्तराखंड

“उत्तराखंड में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल संभव, कई डीएम और कप्तानों की बदल सकती है कुर्सी..

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शासन में हलचल तेज, सचिव स्तर से लेकर जिलों तक हो सकते हैं तबादले, 15 नवंबर को आयोग की टीम के दौरे से पहले जारी हो सकते हैं आदेश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। शासन स्तर पर तबादलों को लेकर हलचल तेज हो गई है। सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ ही कई जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) और पुलिस कप्तानों (एसएसपी/एसपी) की जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर सरकार बड़े स्तर पर प्रशासनिक जमावट में बदलाव कर सकती है।दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को एक ही स्थान पर निर्धारित अवधि से अधिक समय से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, एक ही स्थान पर पांच वर्ष से अधिक समय से जमे कार्मिकों को हटाया जाना है। इसके लिए शासन को गुरुवार से पहले स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करनी है।प्रदेश में पिछले दिनों स्थापना दिवस समारोह और इसके बाद दीपावली के अवकाश के चलते तबादलों की कवायद आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब समयसीमा नजदीक आने के साथ ही शासन स्तर पर सूची को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चाएं तेज हैं। खास तौर पर जिलों में लंबे समय से तैनात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लेकर फैसले लिए जा सकते हैं।उधर, 15 नवंबर को निर्वाचन आयोग की टीम उत्तराखंड के दौरे पर आ रही है। ऐसे में आयोग की टीम के पहुंचने से पहले सरकार तबादलों की प्रक्रिया पूरी कर सकती है। बुधवार को शासन से तबादला आदेश जारी होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, किन जिलों के डीएम और कप्तानों को बदला जाएगा, इसे लेकर अंतिम तस्वीर आदेश जारी होने के बाद ही साफ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!