
पंच👊नामा-ब्यूरो
काशीपुर; मकान के भीतर महफिल सजी थी, ताश के पत्ते फेंटे जा रहे थे और हजारों रुपये दांव पर लगाए जा रहे थे। लेकिन जुए की यह महफिल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अचानक छापा मारकर पूरे खेल का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से 12 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 लाख 1 हजार 620 रुपये की नकदी और ताश की दो गड्डियां बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों और जुए के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गड्ढा कॉलोनी स्थित चर्चिल जिंदल के मकान पर छापेमारी की, जहां कथित तौर पर जुए का अड्डा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे सभी 12 लोगों को दबोच लिया।
ये 12 लोग हुए गिरफ्तार…..
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में चर्चिल जिंदल निवासी प्रकाश रेजिडेंसी, अंशुल ग्रोवर निवासी डॉक्टर लाइन, अंकित अग्रवाल निवासी वैशाली कॉलोनी, विजय गर्ग और जय गर्ग निवासी मेन मार्केट, गुलफाम निवासी महासुपुरा जटपुरा (मुरादाबाद), सुभाष अली निवासी गड्ढा कॉलोनी, नितिन कुमार निवासी घास मंडी, वासु गौड़ निवासी विष्णुपुरम, गौरव सोनी निवासी मोहल्ला सिंघान, नमन अग्रवाल निवासी स्टेडियम के पीछे तथा आशुतोष तिवारी निवासी चामुंडा विहार शामिल हैं।
तीन लाख से ज्यादा की नकदी बरामद….
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3,01,620 रुपये की नकदी और ताश के दो गड्डे बरामद किए। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुए के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।



