
पंच👊नामा
खानपुर; आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही खानपुर की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। करीब पांच साल से विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच जारी सियासी अदावत अब फिर खुलकर सामने आने लगी है। सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक मंचों तक एक-दूसरे पर हमले बोलने वाले दोनों नेताओं के बीच ताजा बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। इस बार विधायक उमेश कुमार ने चैंपियन पर ऐसा तंज कसा कि शराब से लेकर मानसिक स्वास्थ्य तक का मुद्दा सियासी बहस के केंद्र में आ गया।
दरअसल, हाल ही में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने एक वीडियो में विधायक उमेश कुमार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाने के साथ ही व्यक्तिगत टिप्पणियां भी की थीं। अब विधायक उमेश कुमार ने पलटवार करते हुए चैंपियन को निशाने पर लिया है। उमेश कुमार ने कहा, “शराब पीना बुरी बात है, लेकिन शराब पीकर पागल हो जाना उससे भी बुरी बात है।
बात यहीं नहीं रुकी। विधायक ने तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि वह जल्द ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर खानपुर में निर्माणाधीन 100 करोड़ रुपये के जिला अस्पताल में मानसिक रोगियों के लिए भी एक अलग वार्ड बनाने का अनुरोध करेंगे।
विकास कार्यों को लेकर उठाए गए सवालों पर उमेश कुमार ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्व विधायक को घेरने की कोशिश की। उन्होंने सवाल किया कि खानपुर में 100 करोड़ रुपये का जिला अस्पताल किसने स्वीकृत कराया? एक हजार बीघा जमीन पर सिडकुल के निर्माण की शुरुआत किसकी स्वीकृति से हुई? खानपुर से पुरकाजी तक दो लेन सड़क, खानपुर से हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे और 130 करोड़ रुपये के तटबंधों की स्वीकृति किसने कराई?
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के गांवों में 70 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक की लागत से बनाई जा रही सड़कों समेत अन्य विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चैंपियन को इन सवालों का जवाब देना चाहिए कि आखिर ये विकास कार्य किसके प्रयासों से धरातल पर उतरे हैं।सिडकुल की स्वीकृति को लेकर चैंपियन के दावे पर भी उमेश कुमार ने सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि यदि पूर्व विधायक ने ही सिडकुल स्वीकृत कराया है तो उन्हें इसका दस्तावेज या संबंधित पत्र सार्वजनिक करना चाहिए। विकास कार्यों को लेकर राजनीति करने के बजाय तथ्यों के साथ बात होनी चाहिए। उमेश कुमार ने कहा कि पूर्व विधायक अपनी हार पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्हें बयानबाजी करने के बजाय जनता के बीच रहकर उनके काम करने चाहिए। जनता सब देख रही है और समय आने पर अपना फैसला भी सुना देगी।



