“उत्तराखंड में चुनावी हलचल के बीच भीम आर्मी का संगठन विस्तार, राशिद अली को मिली प्रदेश सचिव की कमान..

पंच👊नामा
हरिद्वार; उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में संगठन ने उत्तराखंड में विस्तार करते हुए राशिद अली को प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में राशिद अली की नियुक्ति की घोषणा की गई है।
राशिद अली वर्तमान में वार्ड नंबर-4 के सभासद प्रतिनिधि हैं और क्षेत्र में सामाजिक व जनसरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई जा रही है।
नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन बहुजन महापुरुषों व बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और साहब कांशीराम की विचारधारा को आगे बढ़ाने व बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय के उद्देश्य के लिए कार्य कर रहा है। राशिद अली को संगठन के प्रचार-प्रसार और विस्तार की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
राशिद अली की प्रदेश सचिव पद पर नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विस्तार की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन की गतिविधियों को हरिद्वार समेत उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में और गति मिलने की उम्मीद है। वहीं, नियुक्ति के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने राशिद अली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। राशिद अली ने बताया संगठन ने उनको जो जिम्मेदारी सौंपी है वह उसको पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।



