“पतंजलि फूड पार्क से 11 साल बाद CISF का ‘पहरा’ हटा, गृह मंत्रालय ने 34 पद भी किए खत्म..
साल 2015 में हिंसक झड़प के बाद से तैनात थी केंद्रीय बल की सुरक्षा, चार मई को जवान हटे, अब सुरक्षा विंग का पूरा पद ढांचा भी समाप्त..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) पूरी तरह बाहर हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने परिसर में सीआईएसएफ की सुरक्षा विंग के सभी 34 स्वीकृत पद समाप्त करने का आदेश जारी किया है। इससे पहले चार मई को परिसर से सीआईएसएफ की सुरक्षा हटा ली गई थी। अब पद समाप्त करने के आदेश के साथ ही यहां केंद्रीय बल की तैनाती से जुड़ा पूरा स्वीकृत ढांचा भी खत्म हो गया है।
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, समाप्त किए गए 34 पदों में एक असिस्टेंट कमांडेंट, चार सब इंस्पेक्टर, दो असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, 11 हेड कांस्टेबल और 16 कांस्टेबल के पद शामिल हैं। इसके साथ ही मंत्रालय ने सीआईएसएफ से संबंधित बकाया भुगतान के निस्तारण को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं।
पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में सीआईएसएफ की तैनाती जून 2015 में हुई थी। उस समय कंपनी के सुरक्षा गार्डों और स्थानीय ट्रक यूनियन के समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने यहां सीआईएसएफ की तैनाती की थी।
करीब 11 वर्ष तक केंद्रीय बल की सुरक्षा में रहे पतंजलि फूड पार्क से इस वर्ष चार मई को सीआईएसएफ के जवान हटा लिए गए। इसके बाद अब गृह मंत्रालय ने सुरक्षा विंग के सभी स्वीकृत पद भी समाप्त कर दिए हैं। इस तरह पतंजलि फूड पार्क में सीआईएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था हटने के साथ ही उसके लिए स्वीकृत पदों का ढांचा भी समाप्त हो गया है।



