
पंच👊नामा-ब्यूरो
बहादराबाद; बहुचर्चित हैप्पी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से एक को बहादराबाद पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून से सनी कमीज बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हैप्पी की हत्या करने की बात कबूल की है।
14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के भाई कपिल निवासी शांतरशाह की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपते हुए घटना के शीघ्र खुलासे के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम लगातार पतारसी और सुरागरसी में लगी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी इस्तकार फतेहपुर थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र स्थित छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पहुंची।
पुलिस ने घेराबंदी कर वहां खड़े आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून से सनी कमीज बरामद की गई। पूछताछ में इस्तकार ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर हैप्पी की हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में इस्तकार उर्फ इस्तयाक एक युवती को भगाकर ले गया था, जिसके संबंध में थाना जनकपुरी, सहारनपुर में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक इस्तकार को शक था कि इस मामले में हैप्पी ने पुलिस की मुखबिरी की थी, जिसके बाद दोनों के बीच रंजिश हो गई। जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार कथित तौर पर स्मैक के धंधे में लिप्त हो गया। आरोप है कि हैप्पी उसे स्मैक बेचने के मामले में पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था।
पुलिस के अनुसार लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर इस्तकार अपने परिवार के साथ कलियर और बाद में सहारनपुर चला गया, लेकिन वह चोरी-छिपे शांतरशाह आता-जाता रहा। इसी दौरान हैप्पी द्वारा पैसों की मांग और धमकियों से परेशान होकर इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी।
गौरतलब है कि 3 दिन पहले बहादराबाद पुलिस ने हैप्पी हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया था, जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम में शामिल
1:- अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली बहादराबाद
2:- एसएसआई अशोक सिरसवाल, कोतवाली बहादराबाद
3:- विकास रावत, प्रभारी चौकी बाजार, कोतवाली बहादराबाद
4:- अजय कुमार, प्रभारी चौकी शांतरशाह, कोतवाली बहादराबाद
5:- उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कोतवाली बहादराबाद
6:- हेडकांस्टेबल राजवर्धन, कोतवाली बहादराबाद
7:- कांस्टेबल विकास थापा, कोतवाली बहादराबाद
8:- कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी, कोतवाली बहादराबाद



