शिक्षाहरिद्वार

“हरिद्वार में उच्च शिक्षा को मिला नया ठिकाना, एस.एम.जे.एन. कॉलेज में UOU के क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ..

श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी बोले- पुस्तकों को बनाएं अपना मित्र, कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी उच्च शिक्षा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज परिसर में मंगलवार को शिक्षा, ज्ञान और संस्कार का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के क्षेत्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन हुआ तो दूसरी ओर विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विशाल पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गईं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से हरिद्वार व आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक व्यापक अवसर मिलेंगे। मुक्त व दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो किसी कारणवश नियमित रूप से महाविद्यालय नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि अब प्रवेश, अध्ययन, परीक्षा, परामर्श और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के कौशल संवर्धन और तकनीकी विकास के लिए भी नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।UOU के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय खुलने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां और प्रभावी होंगी और विद्यार्थियों की शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने पुस्तकों और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए आवश्यक बताते हुए एस.एम.जे.एन. कॉलेज के सहयोग की सराहना की।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पुस्तकों को अपना मित्र बनाएं और शिक्षा के साथ संस्कार व सामाजिक उत्तरदायित्व को भी जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने पुस्तक मेले और विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित किए जाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज के विकास की मजबूत नींव हैं। विद्यार्थियों तक अच्छी पुस्तकें पहुंचाना भविष्य की पीढ़ी को मजबूत बनाने की दिशा में निवेश है।निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं डॉ. गिरिजा पांडे ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में विद्यार्थियों को लचीले और वैकल्पिक अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। सहायक निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं डॉ. एम.एम. जोशी ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी ने कहा कि प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री और अन्य अकादमिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम का खास आकर्षण विशाल पुस्तक मेला रहा। विभिन्न विषयों की पुस्तकों के समृद्ध संग्रह ने विद्यार्थियों को खासा आकर्षित किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मेले का अवलोकन किया और अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का चयन किया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के अंत में UOU अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. शिवकुमार चौहान ने कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज, विश्वविद्यालय अधिकारियों, कॉलेज प्रबंध समिति, प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार जताया।इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. पल्लवी, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, जोगेंद्र मावी, डॉ. योगेश सिंघल, तारा सिंह, रुचिता सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित विश्वविद्यालय व महाविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!