अपराधदेहरादून

“जिस्मफरोशी के अड्डे पर पुलिस की रेड, लापरवाह मकान मालिकों पर भी पुलिस ने कसा शिकंजा..

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ की टीम का डबल एक्शन; महिला समेत चार गिरफ्तार, सत्यापन में 35 मकान मालिकों पर साढ़े तीन लाख का जुर्माना..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में दो मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए एक ओर किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार का पर्दाफाश किया, तो दूसरी ओर सत्यापन अभियान के जरिए लापरवाह मकान मालिकों पर शिकंजा कस दिया। संस्कृति लोक कॉलोनी में छापेमारी कर देह व्यापार के संचालन में कथित रूप से शामिल महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में अनियमितताएं मिलने पर 35 भवन स्वामियों के चालान कर कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने, संदिग्धों की पहचान करने और किरायेदारों का सत्यापन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी में देह व्यापार की सूचना पर कार्रवाई की, जबकि लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला समेत विभिन्न इलाकों में बाहरी व्यक्तियों व किरायेदारों के सत्यापन के लिए अलग-अलग टीमें उतारी गईं।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में औचक छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। मौके से देह व्यापार के संचालन में कथित रूप से शामिल अजमीरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वहां से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से अर्जित बताए गए 3,500 रुपये नकद बरामद किए।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्ता अजमीरा ने मकान किराये पर लिया हुआ था। आरोप है कि वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार बाहरी जनपदों व दूसरे राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, देह व्यापार के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में अजमीरा (42 वर्ष) — निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून, शेख अजीजल (30 वर्ष) — निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून, रजनी (25 वर्ष) — निवासी खेड़ा कैम्प, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर व अन्नू (23 वर्ष) — निवासी डेंसो चौक, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार शामिल है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली पटेलनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, चौकी प्रभारी आईएसबीटी जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।400 से ज्यादा किरायेदारों की जांच, 35 मकान मालिकों पर कार्रवाई…..
देह व्यापार के मामले में कार्रवाई के साथ ही पटेलनगर पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पड़ताल के लिए व्यापक सत्यापन अभियान भी चलाया। पुलिस टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच की।अभियान के दौरान 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा पूर्व में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे, मामलों में प्रकाश में आए व जमानत पर चल रहे 10 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने ऐसे लोगों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 35 भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की। इन पर कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!