“आरएसएस कार्यकर्ता ने विहिप व बजरंग दल नेता से जताया पूरे परिवार की जान को खतरा..
घर पर फायरिंग के बाद दीपावली पर भी हमले की कोशिश का आरोप, जिवेंद्र तोमर पर आरोपित युवकों को संरक्षण देने का आरोप, पुलिस से सुरक्षा की गुहार..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: गांव में शांति बनाए रखने और पीड़ितों की पैरवी करने की कीमत एक आरएसएस कार्यकर्ता को कथित तौर पर धमकियों के रूप में चुकानी पड़ रही है। घर पर फायरिंग, लगातार धमकियों और दीपावली के दिन रास्ते में हमले के प्रयास का आरोप लगाते हुए टांडा मजादा भोगपुरी निवासी प्रदीप राठौर ने अब पूरे परिवार की जान को खतरा बताया है। उन्होंने विहिप व बजरंग दल नेता जिवेंद्र तोमर पर आरोपित युवकों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में प्रदीप राठौर ने बताया कि पांच मार्च और छह मई को गांव में हुए विवादों में पीड़ित पक्ष की पैरवी करने के कारण कुछ लोग उनसे रंजिश रखने लगे। इसी के बाद उन्हें निशाना बनाया जाने लगा। आरोप है कि 20 सितंबर को उनके घर पर फायरिंग की गई। घटना के संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा भी दर्ज कराया, लेकिन अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
प्रदीप के मुताबिक, मामला यहीं नहीं रुका। आठ नवंबर को दीपावली के दिन वह अपने परिचितों को मिठाई बांटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धनपुरा क्षेत्र में उन पर हमला करने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि घर पर फायरिंग होने के बाद भी आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई और अब खुलेआम हमले की कोशिश से परिवार की चिंता बढ़ गई है। उन्हें आशंका है कि किसी दिन आरोपित कोई बड़ी वारदात कर सकते हैं।
प्रदीप की पत्नी दीक्षा ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विहिप व बजरंग दल नेता जिवेंद्र तोमर के संरक्षण में आरोपित युवक गांव का माहौल खराब कर रहे हैं। ग्रामीणों को डराया-धमकाया जा रहा है और उनके पति को भी लगातार निशाना बनाया जा रहा है। परिवार अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस के आला अधिकारियों से सवाल किया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है।



