हरिद्वार

“अर्धकुंभ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच रहीं पांच एजेंसियां, एक भी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं..

करीब 150 छोटे-बड़े निर्माण कार्यों की जांच का जिम्मा, कांग्रेस ने पूछा- बैठकों में समीक्षा हो रही तो रिपोर्ट कहां है.?

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। अर्धकुंभ मेला-2027 के तहत धर्मनगरी में करीब 150 छोटे-बड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं। सड़कों, घाटों, पैदल मार्गों से लेकर आधा दर्जन पुल और सीसीआर-2 भवन तक के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पांच तकनीकी संस्थाएं जांच में जुटी हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक एक भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।मेला अधिष्ठान ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए तीन प्रमुख बाहरी संस्थाओं टीयूवी एसयूडी साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड, क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया प्राइवेट लिमिटेड और ब्यूरो वेरिटास (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी है। इनके अलावा केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच कर रहा है। वहीं, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की कुंभ क्षेत्र में बन रहे पुलों की तकनीकी जांच कर रहा है। इस तरह कुल पांच संस्थाएं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रख रही हैं।खास बात यह है कि प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन की समीक्षा बैठक हो या मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में मेला अधिष्ठान की बैठक, गुणवत्ता जांच की प्रगति पर नियमित चर्चा होती रही है। बैठकों में जांच एजेंसियों के दल प्रमुखों से भी जानकारी ली जाती है। इसके बावजूद जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि जब पांच एजेंसियां गुणवत्ता जांच में लगी हैं तो उनकी जांच का नतीजा जनता के सामने क्यों नहीं रखा जा रहा है? पार्टी ने सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।वहीं, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने मीडिया को बताया कि तीनों बाहरी तकनीकी संस्थाएं लगातार निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच कर रही हैं। कई बार जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमियां सामने आई हैं। जिन कार्यों में कमी उजागर होती है, उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए जाते हैं और इसके बाद दोबारा जांच कराई जाती है। उन्होंने कहा कि मेला अधिष्ठान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सजग है और किसी भी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!