अपराधहरिद्वार

“प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी की गुंडागर्दी पर पुलिस की नकेल, साथ में फायरिंग करने वाले गुर्गे भी गिरफ्तार..

जमीनों के खेल में कई लोगों को बना चुका शिकार, अपने ही कार्यालय में काम करने वाले व्यक्ति से मामूली विवाद में फायरिंग कर फैलाई थी दहशत, खूनी खेल के लिए मंगाए गए देसी और विदेशी हथियारों समेत फॉर्च्यूनर बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार; जमीनों के कारोबार में दबदबा दिखाने और विवादों में हथियारों की धौंस जमाने के आरोपों से घिरे प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी की दबंगई पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ज्वालापुर के सुभाष नगर में मामूली विवाद के बाद अपने साथियों के साथ पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने गुड्डू चौधरी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर अपने गुर्गों के साथ फॉर्च्यूनर और ब्रेजा कार में सवार होकर पहुंचा था। हमलावरों के पास हथियारों का ऐसा जखीरा था कि पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देशी पिस्टल, मैगजीन और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर भी कब्जे में ले ली गई है।गुड्डू चौधरी का नाम जमीनों के कारोबार से जुड़े विवादों के बीच पहले भी लोगों को धमकाने के आरोपों के संदर्भ में सामने आता रहा है। कई लोग उसके खिलाफ शिकायतें लेकर अधिकारियों तक पहुंच चुके हैं। ऐसे में ज्वालापुर की फायरिंग की घटना ने एक बार फिर प्रॉपर्टी कारोबार की आड़ में कथित दबंगई और हथियारों के दम पर लोगों को डराने के तौर-तरीकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के लिए अब इस मामले में सिर्फ फायरिंग की वारदात का खुलासा ही नहीं, बल्कि आरोपियों के पुराने विवादों और शिकायतों की पड़ताल करना भी अहम होगा।अपने ही कार्यालय के कर्मचारी पर तान दी पिस्टल…….
मामला ज्वालापुर के सुभाष नगर का है। सुभाष नगर निवासी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12-13 नवंबर की रात ब्रेजा और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार होकर आए पांच लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की। निशांत प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करता था। मामूली विवाद के बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश……
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। संदिग्ध वाहनों की तलाश के साथ ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान चौकी प्रभारी बाजार पुष्कर सिंह चौहान को आरोपियों के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फॉर्च्यूनर में असलहों का जखीरा, पुलिस ने किया बरामद……
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की एक राइफल, छह जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस, 12 बोर की एक पंप एक्शन गन और चार जिंदा कारतूस तथा 32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस इनके स्रोत और इस्तेमाल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।चार गिरफ्तार, एक आरोपी अभी फरार…..
पुलिस ने गुड्डू चौधरी पुत्र सतपाल सिंह निवासी शिवालिक नगर, कोतवाली रानीपुर, मनोज कुमार निवासी ग्राम बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी और हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू पुत्र सतपाल सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में सन्दीप उर्फ मोनू पुत्र नरेंद्र निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।पुराने विवादों और शिकायतों की भी हो पड़ताल…….
जमीनों के कारोबार में किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर समझकर हथियारों के दम पर लोगों को डराने या धमकाने की छूट नहीं दी जा सकती। यदि गुड्डू चौधरी के खिलाफ पहले भी लोगों को धमकाने और जमीनों से जुड़े विवादों की शिकायतें सामने आती रही हैं तो पुलिस को उन शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। ज्वालापुर की यह घटना बताती है कि मामूली विवाद को हथियारों के दम पर खूनी संघर्ष में बदलने की कोशिश कितनी खतरनाक हो सकती है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और किसी को भी दबंगई के दम पर अपना कानून चलाने का मौका न मिले। पुलिस टीम: चौकी प्रभारी बाजार पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, नवीन छेत्री, हुकुम सिंह, रवि चौहान और सन्दीप कुमार।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!