हरिद्वार

“बाल दिवस पर पुलिस की पाठशाला, 400 बच्चों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, अब घर-घर पहुंचाएंगे यातायात नियमों का संदेश..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चला अभियान, दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य, नही तो होगी कार्रवाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात निदेशालय देहरादून के निर्देश पर हरिद्वार यातायात पुलिस ने शनिवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। बाल दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट अनिवार्य होने की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी।यातायात निदेशालय देहरादून के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के नेतृत्व व पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में दोनों जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम ने स्कूली बच्चों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के तौर-तरीकों से अवगत कराया और यातायात नियमों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।बाल दिवस पर जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 400 छात्र-छात्राओं को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट और ट्रैफिक सिग्नल का महत्व, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता समेत सड़क पर बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय ही नहीं, पैदल चलते हुए भी यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है।इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने परिवारजनों, परिचितों व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने अभिभावकों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करें। कार्यक्रम में प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी व उपनिरीक्षक सीपीयू नीरज मेहरा ने महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।पीछे बैठने वाले की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी……
इसी क्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात निरीक्षक संदीप नेगी की ओर से गठित टीम ने छात्र-छात्राओं और स्कूल प्रबंधन को दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। टीएसआइ मोहित सिंह व एडीटीएसआइ प्रदीप कुमार सिंह ने यातायात नियमों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दोपहिया वाहन पर सफर करने वाले दोनों व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। केवल चालक का हेलमेट पहनना पर्याप्त नहीं है, पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाना चाहिए।टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने अभिभावकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। साथ ही स्कूल प्रबंधन को बताया कि भविष्य में अन्य विद्यालयों और प्रमुख चौराहों पर भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी।बचपन से डालें यातायात नियमों के पालन की आदत……
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को बचपन से ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का महत्व समझाएं। स्वयं नियमों का पालन कर उनके सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जागरूकता और नियमों के पालन से न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है। आज के जागरूक बच्चे ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करेंगे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!