हरिद्वार

“अर्द्धकुंभ 2027: चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से होगी निगरानी..

आतंकी गतिविधियों, साइबर अपराध और संगठित अपराध से निपटने की तैयारी तेज, एडीजी वी. मुरुगेसन और एपी अंशुमान ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्द्धकुंभ-2027 में देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा का ऐसा नेटवर्क तैयार करने की योजना है, जिसमें आधुनिक तकनीक के साथ खुफिया तंत्र और जमीनी पुलिस व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। आतंकी गतिविधियों, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति बनाई जा रही है। प्रमुख घाटों से लेकर रेलवे स्टेशन, पार्किंग और संवेदनशील स्थलों तक निगरानी का दायरा बढ़ाया जाएगा।

मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन और एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान ने संयुक्त रूप से अर्द्धकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने अब तक की तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया। आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका ने भी व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी साझा की।ICCC से होगी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी……
अर्द्धकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) को महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाएगा। इसके माध्यम से सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली की मदद से मेला क्षेत्र पर नजर रखने की तैयारी है। संचार व्यवस्था और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी रोकने के उपायों पर भी चर्चा हुई।एटीएस, एसटीएफ और बीडीएस की भूमिका होगी अहम…..
आतंकी गतिविधियों की आशंका और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्ते और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती एवं जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थलों पर एंटी सबोटाज चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया गया। संगठित अपराध से जुड़े संभावित खतरों को देखते हुए तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।स्नान पर्वों पर भीड़ संभालना होगी बड़ी चुनौती……
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और वैकल्पिक यातायात मार्गों की योजना तैयार की जाएगी। हाईवे और मेला क्षेत्र के बॉटलनेक प्वाइंट चिह्नित कर वहां भीड़ का दबाव कम करने के उपाय किए जाएंगे। पार्किंग स्थलों के चयन के साथ रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी दुरुस्त करने को कहा गया।पुलिसकर्मियों की तैनाती से लेकर सुविधाओं तक की तैयारी……
अर्द्धकुंभ में सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा। दूसरे राज्यों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास, भोजन, पेयजल और अन्य सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा जरूरी वाहनों और उपकरणों की खरीद में तेजी लाने को कहा गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों का लिया जायजा……
बैठक के बाद एडीजी वी. मुरुगेसन और एपी अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का निरीक्षण किया। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने घाटों, हरकी पैड़ी के अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों और पुलिस चौकियों का जायजा लिया। आईजी विम्मी सचदेवा ने संचार उपकेंद्रों और फायर स्टेशनों का निरीक्षण किया। आईजी एवं निदेशक यातायात/जीआरपी कृष्ण कुमार वीके ने हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था देखी, जबकि आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया।बैठक में आईजी अनंत शंकर ताकवाले, राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, आईजी एसटीएफ/साइबर, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के एसएसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े। पुलिस अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी करने और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!