राजनीतिहरिद्वार

“राजीव चौधरी को मिली प्रदेश में नई जिम्मेदारी, ओबीसी विभाग के अध्यक्ष नियुक्त..

पूर्व जिलाध्यक्ष की प्रदेश संगठन में हुई ताजपोशी, युवाओं में मजबूत पकड़ और बेबाक अंदाज के लिए हैं पहचान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। कांग्रेस ने उत्तराखंड में संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए राजीव चौधरी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से 18 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने राजीव चौधरी की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। राजीव चौधरी पूर्व में जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव, युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और सक्रिय राजनीतिक भूमिका को इस नियुक्ति का अहम आधार माना जा रहा है।राजीव चौधरी की पहचान एक प्रखर वक्ता और बेबाक नेता के रूप में रही है। राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर वह खुलकर अपनी बात रखते हैं। संगठन के भीतर भी अपनी राय मजबूती से रखने के लिए उनकी अलग पहचान है। कांग्रेस की ओर से समय-समय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ आंदोलनों में भी वह अग्रिम पंक्ति में नजर आते रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है, वहीं वरिष्ठ नेताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर चलने की क्षमता भी उनकी राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा रही है।जिम्मेदारी पर खरा उतरना प्राथमिकता…..
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजीव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। ओबीसी समाज के अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने के साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीन पर काम करेंगे और जनहित के मुद्दों पर पार्टी की आवाज बुलंद करेंगे।संगठन को मजबूत करने की होगी चुनौती….
पूर्व जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव अब उनके काम आएगा। ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके सामने पिछड़ा वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने, समाज के मुद्दों को राजनीतिक मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने और नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की चुनौती होगी। राजीव चौधरी की नियुक्ति से हरिद्वार के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। अब देखना होगा कि प्रदेश स्तर पर मिली इस नई जिम्मेदारी के जरिए वह संगठन को कितनी मजबूती दे पाते हैं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!