“अर्द्धकुंभ-2027 में सुरक्षा का बड़ा खाका तैयार, मेला क्षेत्र में बनेंगे 36 थाने, हाईटेक कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी..
30 खोया-पाया केंद्र होंगे क्यूआर कोड से लैस, साइबर ठगी रोकने को अलग थाना, एटीएस-एनएसजी की तैनाती पर भी मंथन, मेला आइजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत का हरिद्वार में पुराना अनुभव आएगा काम, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले अर्द्धकुंभ को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाने की तैयारी है। मेला क्षेत्र से लेकर शहर के बाहरी इलाकों, यातायात मार्गों और रेलवे स्टेशनों तक पुलिस की निगरानी मजबूत की जाएगी। इसके लिए मेला क्षेत्र में 36 थाने स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें 32 सेक्टर थाने, तीन ट्रैफिक थाने और एक साइबर थाना शामिल होगा। वहीं, रेलवे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए जीआरपी के छह थाने भी प्रस्तावित हैं।
इस बार अर्द्धकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे मेला आइजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत का पुराना अनुभव भी पुलिस प्रशासन के लिए अहम साबित हो सकता है। डॉ. रावत हरिद्वार में एसपी सिटी से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने हरिद्वार में कई प्रमुख स्नान पर्वों और बड़े मेलों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया है। ऐसे में हरिद्वार की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, यातायात के दबाव और स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भीड़ की चुनौतियों से उनकी परिचितता अर्द्धकुंभ की सुरक्षा योजना को प्रभावी बनाने में मददगार होगा
भीड़ के दबाव के हिसाब से बनेंगे सेक्टर थाने…..
अर्द्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की आवाजाही का दबाव अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग रहेगा। स्नान पर्वों पर घाटों, प्रमुख मंदिरों, संपर्क मार्गों और पार्किंग स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में 32 सेक्टर थानों के गठन की योजना बनाई गई है। इन थानों के माध्यम से मेला क्षेत्र को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर पुलिस व्यवस्था संचालित की जाएगी। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस की उपलब्धता रहने से घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने, भीड़ नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय थानों और मेला पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी जोर रहेगा।
यातायात व्यवस्था के लिए अलग होंगे तीन थाने…..
अर्द्धकुंभ के दौरान यातायात प्रबंधन पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रहेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों, बसों और ट्रेनों से हरिद्वार पहुंचेंगे। स्नान पर्वों पर मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों से लेकर पार्किंग स्थलों और घाटों तक यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसे देखते हुए तीन ट्रैफिक थाने प्रस्तावित किए गए हैं। इनका उद्देश्य यातायात व्यवस्था की निगरानी, वाहनों का दबाव नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू कराने में समन्वय स्थापित करना होगा।
ऑनलाइन ठगी रोकने को बनेगा साइबर थाना…..
इस बार अर्द्धकुंभ में पुलिस की तैयारी केवल परंपरागत अपराधों और भीड़ नियंत्रण तक सीमित नहीं रहेगी। डिजिटल प्लेटफार्म पर होने वाली धोखाधड़ी भी सुरक्षा योजना का अहम हिस्सा होगी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ होटल, धर्मशाला, आश्रम, पार्किंग और परिवहन सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग में भी तेजी आएगी। साइबर ठग इसी का फायदा उठाकर फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये लोगों को निशाना बना सकते हैं।
हेली सेवा की टिकट बुकिंग के नाम पर भी ऑनलाइन ठगी की आशंका रहेगी। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए एक अलग साइबर थाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यहां साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी और ठगी के मामलों में आवश्यक जांच पर फोकस रहेगा।
30 खोया-पाया केंद्रों से अपनों तक पहुंचेंगे बिछड़े श्रद्धालु……
अर्द्धकुंभ में भारी भीड़ के बीच बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के बिछड़ने की घटनाएं भी चुनौती बनती हैं। इसे देखते हुए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है। इससे गुमशुदा लोगों की जानकारी दर्ज करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी। खासकर भीड़भाड़ वाले घाटों, मंदिरों और प्रमुख आवागमन स्थलों पर यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।
एटीएस और एनएसजी की तैनाती पर भी मंथन…..
करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और अर्द्धकुंभ के अंतरराष्ट्रीय महत्व को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजामों पर भी विचार किया जा रहा है। आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए एटीएस और एनएसजी जैसी विशेष एजेंसियों की तैनाती को लेकर मंथन चल रहा है। इसके अलावा संवेदनशील स्थलों की पहचान, निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी सुरक्षा योजना का हिस्सा होगी।
कुल मिलाकर अर्द्धकुंभ-2027 में पुलिस प्रशासन थानों के विस्तार, यातायात प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, गुमशुदा लोगों की सहायता और विशेष सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय के जरिये व्यापक सुरक्षा तंत्र विकसित करने की तैयारी में है। मेला आइजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत का हरिद्वार में पूर्व का अनुभव भीड़ प्रबंधन और प्रमुख स्नान पर्वों की चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।



