
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर में पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे के साथ लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर टूट पड़े। कुछ ही देर में गांव का माहौल रणभूमि में तब्दील हो गया और इलाके में अफरा-तफरी व तनाव फैल गया।
इस हिंसक झड़प में करीब 6 से 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे मामला और सुर्खियों में आ गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देश पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रियासत और शोकित के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद इस हिंसा की वजह बना।
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें सक्रिय रूप से छापेमारी कर रही हैं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।



