भाजपा व संघ को गुरुकुल पर नहीं करने दिया जाएगा कब्जा: मशकूर कुरैशी..
आर्य समाज की धरोहर बचाने के लिए समाजवादी पार्टी करेगी आंदोलन, भाजपा व संघ नेताओं पर कब्जे की साजिश का आरोप..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: समाजवादी पार्टी ने भाजपा और आरएसएस पर गुरुकुल कांगड़ी समविवि पर कब्जे की साजिश का आरोप लगाया है।

पार्टी के प्रदेश महासचिव मशकूर कुरैशी ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि गुरुकुल एक शताब्दी से आर्य समाज की भूमि है। इस पर कब्जे का षड़यंत्र सफल नहीं होने दिया जाएगा।

वरिष्ठ नेता मशकूर कुरैशी ने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ की निगाहें काफी समय से गुरुकुल की बहुमूल्य संपत्ति पर लगी हुई है। सत्ता का लाभ उठाकर भाजपा और संघ नेता हरिद्वार में करोड़ों रुपये की नामी-बेनामी संपत्तियों पर कब्जा कर चुके हैं। लेकिन आर्य समाज की धरोहर गुरुकुल कांगड़ी समविवि पर भाजप व संघ नेताओं की साजिश को समाजवादी पार्टी कभी कामयाब नहीं होने देगी।

कब्जे की साजिश रचने वालों को अपनी हरकतों से बाज आना चाहिए। अन्यथा स्वामी श्रद्धानंद की विरासत गुरुकुल को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में जल्द ही साजिशकर्ताओं को बेनकाब किया जाएगा।