पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार में चार दिन से लापता एक स्कूल ड्राइवर का शव गंगनहर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार ने मामले में हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
ज्वालापुर के सीतापुर निवासी 44 वर्षीय रवि चौहान 15 अप्रैल को संदिग्ध हालात में अचानक लापता हो गए थे। अगले दिन उनकी पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
रविवार को जटवाड़ा पुल रेगुलेटर के पास गंगनहर में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान होने पर शव रवि चौहान का निकला। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में शव का एक हाथ मुड़ा हुआ पाया गया, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।



