
पंच👊नाम-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। थाना राजपुर क्षेत्रान्तर्गत उत्तरांचल हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार और खतरनाक ढंग से दौड़ रही एक मर्सिडीज कार ने ऐसा कहर बरपाया कि चार मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप व एसएसपी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस शिद्दत से चंडीगढ़ नम्बर की कार की तलाश में जुटी है। जिले की नाकेबंदी कर सघन चेकिंग की जा रही है
————————————
हादसे का खौफनाक मंजर….प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की मर्सिडीज कार चंडीगढ़ नंबर की थी और इतनी तेज थी कि कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। सड़क किनारे पैदल जा रहे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। कार चालक ने बेलगाम रफ्तार में न केवल मजदूरों को रौंद दिया, बल्कि सामने से आ रही एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी।
————————————
मृतकों की पहचान…1:- मंसाराम पुत्र राम बहादुर निवासी ग्राम लोटी सरैयां रामदीन पुरवां, अयोध्या, उत्तर प्रदेश उम्र
2:- रंजीत निवासी ग्राम लोटी सरैयां रामदीन पुरवां, अयोध्या, उत्तर प्रदेश
3:- बलकरण पुत्र नौमीलाल निवासी जगजीतपुर बाराबंकी उत्तर प्रदेश उम्र 40 वर्ष।
4. एक अज्ञात
————————————-
घायलों के नाम….1:- धनीराम पुत्र राजकुमार निवासी अजीजपुर, हरदोई, उत्तर प्रदेश
2:- मोहम्मद साकिब पुत्र मोहम्मद जहीर निवासी ग्राम हसनपुर थाना बाजपट्टी जिला सीतामढ़ी, बिहार
————————————–
हादसे के बाद अफरा-तफरी….घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उत्तरांचल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने चारों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्सिडीज कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
————————————–
तेज रफ्तार बनी काल….प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या चालक नशे में था या फिर कोई अन्य वजह थी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वाहन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
————————————–
क्षेत्र में शोक की लहर…..इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस हादसे से गुस्से में हैं और प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।