
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में अपराधियों पर शिकंजा कसने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की। कहीं किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के जरिए संदिग्धों की पड़ताल की गई, तो कहीं नशे के कारोबार में लिप्त आरोपी को गांजे के साथ दबोचा गया।
वहीं, कथित तौर पर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक व्यक्ति को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों में 30 भवन स्वामियों पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि सात संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़, नशा तस्करी पर रोक लगाने और बाहरी व्यक्तियों व किरायेदारों का सत्यापन करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग टीमों के माध्यम से सत्यापन अभियान चलाने के साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अभियान को गति दी। पुलिस ने आजाद कॉलोनी, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी सहित विभिन्न इलाकों में सत्यापन किया। इसके अलावा चेकिंग के दौरान मादक पदार्थों की बरामदगी और अवैध खुखरी रखने के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
केस-1: सत्यापन अभियान में 545 लोगों की जांच, सात संदिग्ध थाने पहुंचे…..
पटेलनगर कोतवाली की अलग-अलग पुलिस टीमों ने आजाद कॉलोनी, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे सात अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने और अन्य अनियमितताएं मिलने पर 30 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे सात अन्य व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जिनसे पुलिस आवश्यक पूछताछ कर रही है।
केस-2: जल्दी अमीर बनने के लालच में गांजा तस्करी, 1 किलो 366 ग्राम गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार……
नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दीपक कुमार (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर का निवासी है और उसके कब्जे से 1 किलो 366 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया था। वह बरामद गांजे को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाना चाहता था। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल गौरव व कांस्टेबल सूरज शामिल रहे।
केस-3: चेकिंग में पकड़ा गया खुखरीधारी, आपराधिक वारदात की फिराक में होने का आरोप…..
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पटेलनगर पुलिस ने भुड़पुर – नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी तैयब पुत्र इनामुल्लाह, निवासी परवल, थाना पटेलनगर, उम्र 25 वर्ष गिरफ्तार कर लिया जिसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों, नशा तस्करों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अरुण व कांस्टेबल चमन शामिल रहे।


