
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दबाव में आरोपी स्वयं थाने पहुंचा, जहां पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी, सिडकुल निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि आदर्श यादव नामक युवक ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, दबिश के बाद आरोपी आदर्श यादव स्वयं थाना सिडकुल पहुंचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया। इसके बाद विवेचक ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुकदमे में संबंधित धाराओ की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आदर्श यादव पुत्र दशरथ सिंह यादव, निवासी ग्राम जलालपुर, पोस्ट माहपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नेहरू कॉलोनी, थाना सिडकुल, हरिद्वार में रह रहा था। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अजय शाह, उपनिरीक्षक मनीषा नेगी और कांस्टेबल गोपाल शामिल रहे।



