“बिजली चोरी के नाम पर ग्रामीणों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं.! ऊर्जा निगम के खिलाफ सुराज सेवा दल का हल्ला बोल..

पंच👊नामा
रुड़की; ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी के नाम पर दर्ज किए जा रहे मुकदमों और कथित तौर पर थोपे जा रहे भारी-भरकम बिजली बिलों के विरोध में सुराज सेवा दल ने ऊर्जा निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (अर्बन) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की। वहीं, ऊर्जा निगम ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विभाग केवल बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (अर्बन) कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग अभियान के नाम पर निर्दोष लोगों को बिजली चोरी के मामलों में फंसाया जा रहा है और उन पर मनमाने तरीके से भारी जुर्माने लगाए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने अधिशासी अभियंता के समक्ष ग्रामीणों की समस्याएं उठाते हुए कहा कि ऊर्जा निगम इस समय पूरी तरह तानाशाही रवैया अपनाए हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन चेकिंग के नाम पर निर्दोष ग्रामीणों का मानसिक और आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल आम जनता के साथ इस तरह का अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार करने के बजाय लापरवाही बरत रहे हैं, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर ग्रामीणों और आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। यदि समय रहते विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया और ग्रामीणों का उत्पीड़न बंद नहीं किया, तो सुराज सेवा दल उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर संगठन सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करेगा।
ऊर्जा निगम ने आरोपों को किया खारिज….
प्रदर्शन और लगाए गए आरोपों के संबंध में ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (अर्बन) अनिल कुमार मिश्रा ने विभाग का पक्ष रखते हुए कहा कि ऊर्जा निगम किसी भी उपभोक्ता या आम नागरिक का शोषण नहीं कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग केवल अवैध रूप से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है।
उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान जिन स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है, केवल उन्हीं मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है तथा संबंधित उपभोक्ताओं पर निर्धारित नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।
प्रदर्शन में सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रमुख रूप से नौशाद प्रधान, इंतजार प्रधान, हाजी इसरार, साबिर राणा, रईस कलियर, खलील प्रधान (नगला इमरती), नितिन कटारिया, सतवीर, दिनेश, अजय प्रधान, गौरव, राशिद सभासद, इकराम, मुन्तज़ीर, आदिल, तस्लीम जब्बार, मेहरबान और अब्दुल कादिर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



