हरिद्वार

“हरिद्वार में शुरू हुआ आधुनिक आधार सेवा केंद्र, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया उद्घाटन..

आधार से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं मिलेंगी अब एक ही छत के नीचे, नहीं काटने पड़ेंगे देहरादून के चक्कर..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जिला हरिद्वार के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र (ASK) शुरू कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री व हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया और स्वयं अपना आधार अपडेट कराकर नागरिकों को इस सुविधा का लाभ उठाने का संदेश दिया।हरिद्वार में शुरू हुआ यह आधुनिक आधार सेवा केंद्र जिले के नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। केंद्र के माध्यम से अब आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण सहित सभी प्रमुख आधार सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update-MBU) समय पर अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए यह अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। UIDAI द्वारा यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत डिजिटल उत्तराखंड और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम नागरिकों को बेहतर, सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि अब हरिद्वार के साथ ही रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत होगी।इस दौरान निदेशक कुमार उज्ज्वल ने जानकारी देते हुए बताया कि आधार सेवा केंद्रों का संचालन सीधे UIDAI द्वारा किया जाता है। इन केंद्रों को पूरी तरह समावेशी और नागरिक अनुकूल बनाया गया है। केंद्र में व्हीलचेयर सुगम्यता, सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण तंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।उन्होंने बताया कि हरिद्वार के इस आधार सेवा केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित किया गया है, जिससे नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी। यह केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा।कुमार उज्ज्वल ने बताया कि प्रत्येक आधार सेवा केंद्र का प्रबंधन एक UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रबंधक द्वारा किया जाता है, जो नागरिकों की शिकायतें प्राप्त कर उनके समयबद्ध समाधान की व्यवस्था करता है। नागरिक आधार सेवाओं के लिए UIDAI के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पोर्टल के माध्यम से भी अपनी सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर सकते हैं।इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, UIDAI एसीटेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेंद्र सिंह, सत्यपाल चौहान, UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, UIDAI आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी व सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।हरिद्वार में आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ जिले की डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस केंद्र के शुरू होने से आम नागरिकों को अब आधार से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध हो सकेंगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!