“जन्माष्टमी से पहले हरिद्वार पुलिस का सुरक्षा कवच, मंदिरों में चौकसी, बाजारों में गश्त और स्कूलों के बाहर चेकिंग..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अलर्ट हुई हरिद्वार पुलिस, चप्पे-चप्पे पर नजर..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जन्माष्टमी व आगामी त्योहारों को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। एक ओर धार्मिक स्थलों, सर्राफा बाजारों और वित्तीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं,
तो दूसरी ओर छात्र-छात्राओं और खासकर बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर स्कूलों की छुट्टी के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद के समस्त थानेदारों व पुलिस अधिकारियों को जन्माष्टमी और आगामी त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में फोर्स को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्राफा बाजार सहित अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने, अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस होटल और धर्मशालाओं में आने-जाने वाले लोगों के चेक-इन और चेक-आउट डाटा पर भी सतर्क नजर रखेगी। इसके साथ ही
मंदिरों सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष चौकसी बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
वहीं, एसएसपी के निर्देश पर ब्रस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे तक जनपद के विभिन्न विद्यालयों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्कूलों की छुट्टी के समय बालिकाओं व छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल ने विशेष सतर्कता बरती।
स्कूलों में बच्चों के आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सघन जांच कर सुरक्षा मानकों और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को परखा गया।
इसके अलावा विद्यालयों के आसपास बेवजह घूमने या खड़े रहने वाले संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की भी चेकिंग की गई।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित आवागमन और विद्यालयों के आसपास बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग और निगरानी अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।



