
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर गंगाजल लेकर जा रहे एक गौसेवक को गोली मारने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से कांवड़ यात्रियों में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली कहासुनी और आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। एसएसपी ने साफ संदेश दिया कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीमें गठित की गईं।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में कोतवाली कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल मुख्य आरोपी शिवराज पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने फरार चल रहे आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर व फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की 6-7 बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने हरियाणा के पानीपत निवासी अजय पुत्र नरेश पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अजय को पुलिस और उसके साथियों की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस संबंध में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा।



