
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सोशल मीडिया पर लोकप्रियता बटोरने के लिए देश के सर्वोच्च जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना एक युवक को महंगा पड़ गया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी कर वीडियो प्रसारित करने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने प्रधानमंत्री भारत सरकार व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग कर वीडियो प्रसारित करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से जांच पड़ताल की। रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने थाना सिडकुल में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर रहा है। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंपी गई। विवेचना के दौरान वीडियो की जांच कर उसे प्रसारित करने वाले आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार को हिरासत में ले लिया।
आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान, हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी व कांस्टेबल मनीष शामिल रहे।



