“दुकान में घुसा रसेल वाइपर, स्क्रैप कारोबारी रईस अहमद ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; ऋषिकुल क्षेत्र में सोमवार को एक दुकान में खतरनाक रसेल वाइपर सांप घुसने से हड़कंप मच गया। सांप के दुकान में होने की जानकारी मिलने पर स्क्रैप कारोबारी रईस अहमद मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी बरतते हुए सांप को पकड़कर सुरक्षित कंटेनर में बंद किया। इसके बाद शाम को उसे आबादी से दूर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।
रईस अहमद लंबे समय से सांपों और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का शौकिया तौर पर रेस्क्यू करते आ रहे हैं। क्षेत्र में कहीं सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने का प्रयास करते हैं। इसके बाद सांप को आबादी से दूर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ देते हैं। उनके इस कार्य की स्थानीय लोग भी सराहना करते हैं।
रईस अहमद ने बताया कि रसेल वाइपर बेहद खतरनाक और विषैला सांप होता है। ऐसे सांप को पकड़ने के दौरान पूरी सावधानी बरतनी पड़ती है। उन्होंने वन विभाग से रेस्क्यू के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि विभाग की ओर से सांपों को सुरक्षित पकड़ने के लिए उचित रेस्क्यू किट उपलब्ध करा दी जाए तो वह और बेहतर तरीके से सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, दुकान या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना प्रशिक्षित रेस्क्यू कर्मियों या वन विभाग को दें, ताकि सांप और लोगों दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।



