“बारिश में पुलिया पर खेल रही छह साल की मासूम नाले में बहकर लापता, सर्च ऑपरेशन जारी..
सिडकुल में अचानक बढ़ा नाले का बहाव, सात साल की बच्ची को लोगों ने बचाया..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल क्षेत्र में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बीच नाले की पुलिया पर खेल रही दो बच्चियां अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते छह साल की विधिका नाले में बह गई,
जबकि सात वर्षीय हिमानी को आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बचा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक नाले में मासूम की तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
विधिका के पिता गौतम कुमार मूलरूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर के रहने वाले हैं। वह सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्री में काम करते हैं। उनका परिवार रावली महदूद में रहता है।
बताया गया कि सोमवार शाम बारिश के दौरान विधिका और पड़ोस में रहने वाली सात वर्षीय हिमानी नाले की पुलिया पर खेल रही थीं। इसी दौरान नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। आसपास के लोगों ने तत्काल प्रयास कर हिमानी को बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नाले में दूर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात तक सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह पुलिस टीम और एसडीआरएफ जवानों के साथ मौके पर डटे रहे और बच्ची की तलाश कराई।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि नाले की पुलिया पर खेल रही दोनों बच्चियां अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। एक बच्ची को आसपास के लोगों ने बचा लिया, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। अंधेरा होने के बावजूद टीम ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा।



