
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; प्रेमनगर क्षेत्र में एक निजी स्कूल के 15 वर्षीय छात्र के साथ अश्लील हरकत और गलत काम किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रेमनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपी डॉ. एस. वोहरा सार्थक को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ ने बताया, प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने 20 जुलाई को थाना प्रेमनगर में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र प्रेमनगर स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ता है।
पिछले कुछ समय से वह अकेला और काफी गुमसुम रहने लगा था। परिजनों के बातचीत करने पर छात्र ने कथित तौर पर बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सार्थक ने उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए गलत काम किया।
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान डॉ. एस. वोहरा सार्थक पुत्र स्व. जगन्नाथ वोहरा, निवासी देहरादून, उम्र 57 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेमनगर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।



