
पंच👊नामा
रुड़की: Roorkee के नशा मुक्ति केंद्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। “अनमोल जीवन समिति” नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक आशीष की हत्या उसी के साथ रह रहे एक 15 वर्षीय नाबालिग ने कर दी थी।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला बेहद संवेदनशील बन गया था, जिसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर फील्ड यूनिट टीम को जांच में लगाया और पूरे मामले की गहन पड़ताल शुरू की।
एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने नशा मुक्ति केंद्र में मौजूद अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा सामने आया कि मृतक आशीष अक्सर नाबालिग के
साथ गाली-गलौज करता था और मारपीट की धमकी देता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग ने गुस्से में आकर स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर दिया, जिससे आशीष की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में लिया। मामले में वादी नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर, कोतवाली लक्सर की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल स्टील का नुकीला टुकड़ा, एक मफलर और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, अपर उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राठी, हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता, हेड कांस्टेबल नूर मलिक तथा कांस्टेबल लईक अहमद शामिल रहे।



