हरिद्वार

हरिद्वार में शुरू हुआ SIR अभियान, 1715 BLO मैदान में… मतदाता चूक गए तो बाद में पड़ सकता है पछताना.!

घर-घर बांटे जा रहे गणना फॉर्म, 'बुक ए कॉल' फीचर से भी मिलेगा सहयोग, पासपोर्ट फोटो के साथ कराएं प्रक्रिया पूरी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सोमवार से जनपद में मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित कर रहे हैं, जबकि भरे हुए प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटलाइज भी किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बीएलओ को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए 350 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी 1715 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में भरे हुए गणना फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे मतदाता जो नौकरी या अन्य पेशेगत कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, उनके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे। यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार उसके घर पहुंचेंगे और स्टीकर चस्पा कर अगले भ्रमण की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी अंकित करेंगे, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भरवा सकें।उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की विशेष पहल पर जनपद के सभी 1715 बीएलओ को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए 350 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गणना प्रपत्रों को डिजिटलाइज करने के दौरान बीएलओ को मोबाइल डाटा की किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं तक पहुंचने और पूरी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संपन्न करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है, मतदाताओं के सहयोग से अभियान को सफल बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!