“जिले में एसआईआर प्रक्रिया शुरू, बीएलओ ने घर-घर बांटे प्रपत्र, आप भी तैयार रखें दो फोटो..
एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 7 जुलाई तक चलेगा अभियान, 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत सोमवार से बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांट रहे हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या अन्य बदलाव के लिए अपने जरूरी दस्तावेज और दो पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया है। इसके लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षण और अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब 8 जून से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। यह अभियान 7 जुलाई तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रत्येक घर पर जाकर मतदाताओं का विवरण सत्यापित करेंगे। जिन युवाओं की उम्र 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भी प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा नाम, पता, उम्र या अन्य विवरणों में संशोधन और नाम हटाने से संबंधित आवेदन भी लिए जाएंगे।
जितेंद्र कुमार ने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी आपत्तियों और दावों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले की 11 विधानसभा सीटों में इस अभियान को सफल बनाने के लिए 11 ईआरओ, 64 एईआरओ और 1715 बीएलओ की तैनाती की गई है। सभी कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर अभी तक बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां जल्द नियुक्ति कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसमें राजनीतिक दलों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में कलियर विधायक फुरकान अहमद, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पाल, जिला कार्यालय प्रभारी नकली सिंह सैन, कांग्रेस के रुड़की जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, फारुख प्रधान,
हरिद्वार कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह, सीपीएम के राजीव गर्ग, बसपा जिला अध्यक्ष मदनपाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



