“एसआईआर अभियान को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, नेताओं ने कहा- कोई भी मतदाता अधिकार से न हो वंचित..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दिनों में मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू हो चुका है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि पार्षद एवं पार्टी पदाधिकारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मतदाताओं की हरसंभव सहायता करें।
वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज सैनी व रवीश भटीजा ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाने में बीएलओ का सहयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी हो, इसके लिए फर्जी मतदाताओं और संदिग्ध नामों पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना निष्पक्षता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर संजय सैनी, दीपक टंडन व विकास चंद्रा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करे तथा किसी भी प्रकार के विवाद से बचते हुए फर्जी नामों पर विशेष निगरानी बनाए रखे।
बैठक में विशेष प्रशिक्षक अहमद शमशाद ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके निराकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में सागर बेनीवाल, विशाल प्रधान, समर्थ अग्रवाल, सार्थक ठाकुर, कैलाश प्रधान, आशीष भारद्वाज, जतिन हांडा, उदित विद्याकुल, यश शर्मा, दीपक टंडन, अमित गुप्ता, संजय सैनी, विशाल अग्रवाल, मनोज जाटव, उदय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



