
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर पूजा करने आई महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
जनपद झांसी (उत्तर प्रदेश) के थाना बबीना क्षेत्र निवासी क्रान्ति गुप्ता पत्नी अनिल कुमार गुप्ता ने कोतवाली नगर हरिद्वार में तहरीर देकर बताया कि
वह अपनी बहनों के साथ पिछले 14 दिनों से प्रतिदिन सुबह हरकी पैड़ी पर पूजा-अर्चना करने आती हैं। इस दौरान एक व्यक्ति लगातार उनके प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां करता रहता था।
आरोप है कि सोमवार को उक्त व्यक्ति, जिसकी पहचान रवि चौहान के रूप में हुई, ने महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपशब्द कहे।
जब महिलाओं ने इसका विरोध किया और उसे चौकी चलने के लिए कहा तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी और अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हरिद्वार कुंदन सिंह राणा ने चौकी प्रभारी हरकी पैड़ी संजीत कण्डारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी रवि चौहान को तत्काल हिरासत में ले लिया है। उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



