
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की कार्रवाई के बीच कनखल पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल जा रहे तीन संदिग्धों को दबोचकर उनके कब्जे से 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को कपड़ों वाले ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद गांजा करीब एक-एक किलो के छोटे पैकेट बनाकर टेप से लपेटा गया था।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
कोतवाली कनखल प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आते तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे में पैकेट बनाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में बांट रखा था। पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए कपड़ों के ट्रॉली बैग का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे हरिद्वार में कहां खपाने की योजना थी।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कनखल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान दिपेश पुत्र गोल्डन झा, निवासी बैरागी कैंप, ट्रांसफर वाली गली, थाना कनखल, हरिद्वार, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा, निवासी ठोकर नंबर 10, झुग्गी-झोपड़ी, थाना कनखल, हरिद्वार व आदित्य राय पुत्र मुकेश राय, निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, थाना लोहाघाट, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजे की सप्लाई के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार नशे की खेप ला चुके हैं और इस नेटवर्क में इनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षकललित मोहन अधिकारी, हेडकांस्टेबल प्रमोद शर्मा, कांस्टेबल रणजीत सिंह व कांस्टेबल गजय तोमर शामिल रहे।


