हरिद्वार

“कांवड़ मेला निर्विघ्न, सकुशल सम्पन्न होने पर अफसरों को मिला संतों का सम्मान, श्रीमहंत रविंद्र पुरी बोले, “सरकार और प्रशासन की बड़ी उपलब्धि..

कांवड़ मेले की शांतिपूर्ण सम्पन्नता पर डीएम-एसएसपी सहित कई अधिकारी हुए सम्मानित..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: श्री मनसा देवी चरण पादुका मंदिर परिसर में शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कांवड़ मेला 2025 को सकुशल सम्पन्न कराने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की ओर से संयुक्त रूप से यह आयोजन किया गया।समारोह के दौरान संतों ने अफसरों की टीम भावना, तत्परता और सेवा भाव की सराहना की। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि इस बार का कांवड़ मेला पूरी तरह अनुशासित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा। यह प्रदेश सरकार, पुलिस-प्रशासन और कर्मचारियों की समर्पण भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जो कार्य इस बार हुआ, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रशासन और पुलिस ने मेले की व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
—————————————-
डीएम बोले, एकजुटता से हुआ यह सफल आयोजन…..मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद कहीं कोई अव्यवस्था नहीं रही। यह हमारे विभागीय समन्वय, सतर्कता और निरंतर निगरानी से संभव हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि संत समाज से मिले सहयोग से सभी विभाग बेहतर समन्वय से कार्य कर पाए। डीएम ने श्रीमहंत रविंद्र पुरी का आभार जताते हुए इस सम्मान को संपूर्ण प्रशासनिक टीम की उपलब्धि बताया।
—————————————-
एसएसपी बोले, हर चुनौती पर बारीकी से रखी नजर…..वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि इस बार कांवड़ मेला बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन हमारी टीम ने तकनीक और मानव संसाधन के समुचित उपयोग से सभी स्थितियों को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविंद्र पुरी का कांवड़ मेला, कुंभ और चारधाम यात्रा में मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायक रहा है। पुलिस बल ने एकजुट होकर कार्य किया, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सफल रही।
—————————————-
मेयर ने जताया संत समाज का आभार…..विशिष्ट अतिथि मेयर किरण जैसल ने भी श्रीमहंत रविंद्र पुरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरिद्वार में संत समाज का सहयोग सदैव प्रेरणादायक रहता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अफसरों और कर्मचारियों को मनोबल देते हैं।
—————————————-
इन अधिकारियों को किया गया सम्मानित…..समारोह में एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, सचिव मनीष सिंह, एमएनए नंदन कुमार, एडीएम दीपेंद्र सिंह नेगी, एडीएम (एफआर) चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, सेनानायक सुरजीत सिंह पंवार, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसडीएम जितेंद्र सिंह, एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट, सीएमओ आरके सिंह, कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह समेत कई अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
—————————————-
कार्यक्रम का संचालन: एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने किया। इस अवसर पर अखाड़ा सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, श्रीमहंत राजगिरि, ट्रस्टी अनिल शर्मा सहित कई संत-महंत उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!