अपराधदेहरादून

“पटेलनगर पुलिस की हैट्रिक पर हैट्रिक, 24 घंटे में स्नैचिंग का खुलासा, रंगदारीबाज दबोचे और स्मैक तस्कर भी गिरफ्तार..

SSP प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में चार गिरफ्तार; छीने मोबाइल-पर्स से लेकर 15.21 ग्राम स्मैक तक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस ने एक साथ तीन मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। राह चलती महिलाओं से पर्स और मोबाइल झपटने वाले शातिर को गिरफ्तार कर छीना गया सामान बरामद किया गया, वहीं जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले दो युवकों को भी पुलिस ने दबोच लिया। इसी दौरान चेकिंग में 15.21 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक नशा तस्कर की गिरफ्तारी ने पुलिस की कार्रवाई को और धार दे दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस टीमों को अलग-अलग मामलों के खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और सुरागरसी-पतारसी का सहारा लेते हुए एक के बाद एक तीन मामलों में सफलता हासिल की।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और संदिग्ध रास्तों की पड़ताल करते हुए आरोपितों तक पहुंच बनाई। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में जहां स्नैचिंग की दो वारदातों का खुलासा हुआ, वहीं रंगदारी और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में भी आरोपितों को गिरफ्तार कर संबंधित बरामदगी की गई।

केस-1 : राह चलती महिलाओं से पर्स-मोबाइल झपटने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार…..
पटेलनगर क्षेत्र के कैलाशपुर और गंगा विहार में 26 सितंबर की शाम पैदल घर जा रही दो अलग-अलग महिलाओं से स्कूटी सवार द्वारा मोबाइल फोन और पर्स छीनने की घटनाओं से हड़कंप मच गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पुलिस ने आने-जाने वाले रास्तों पर संदिग्धों की जानकारी जुटाई। पूर्व में स्नेचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल रहे आरोपितों का सत्यापन भी किया गया। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अमन सती (25) निवासी हरभजवाला को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए राह चलती महिलाओं से मोबाइल और पर्स छीनता था। पुलिस ने उसके कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन, 6700 रुपये नगद, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। आरोपित पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस टीम में जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेडकांस्टेबल मनोज सरकार, कांस्टेबल अरशद, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल बृजमोहन, कांस्टेबल कैलाश, कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल पंकज, हेडकांस्टेबल किरण कुमार एसओजी देहरादून शामिल रहे।

केस-2 : मोबाइल नंबर के जरिए व्हाट्सऐप बनाया, धमकाकर मांग रहे थे रंगदारी…..
पटेलनगर क्षेत्र में ही 24 सितंबर को भगवती प्रसाद नामक व्यक्ति को फोन और व्हाट्सऐप के जरिए डराने-धमकाने व पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल विशु (19) पूर्व में वादी के भवन निर्माण के दौरान वहां काम कर चुका था और उसके पास वादी का मोबाइल नंबर था। पुलिस के अनुसार, पैसों की तंगी के चलते विशु ने अपने साथी अभिषेक (21) के साथ मिलकर रंगदारी मांगने की योजना बनाई।पुलिस के मुताबिक अभिषेक के पास एक व्यक्ति मोबाइल ठीक कराने आया था। इसी दौरान उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अपने फोन में व्हाट्सऐप डाउनलोड किया गया और उसी के माध्यम से वादी को धमकी देकर पैसे मांगे गए। दोनों आरोपित पैसे लेने देहरादून पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ओप्पो, पोको और सैमसंग की-पैड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस टीम में रफत अली, चौकी प्रभारी नयागांव, हेडकांस्टेबल सुनित कुमार, हेडकांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल प्रवीण, हेडकांस्टेबल किरण कुमार एसओजी देहरादून शामिल रहे।

केस-3 : 15.21 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार……
अपराधियों के साथ-साथ नशा तस्करों के खिलाफ भी पटेलनगर पुलिस का अभियान जारी रहा। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने सूरज (30) निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.21 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था और स्मैक को स्थानीय नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल अनिल सालार व कांस्टेबल अनिल भंडारी शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!