अपराधहरिद्वार

“मां की स्कूटी में लात मारकर गिराया, गले से चैन झपटी; हादसे में 3 साल की मासूम भी घायल, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर स्नैचर..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने किया वारदात का खुलासा, छीनी गई सोने की चैन के साथ तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कनखल क्षेत्र में महिला को निशाना बनाकर सरेराह सोने की चैन झपटने वाले शातिर चैन स्नैचर की करतूत आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। आरोपी ने महिला की स्कूटी में लात मारकर उसे गिराया और गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गया था। हादसे में महिला के साथ मौजूद उसकी महज तीन वर्षीय मासूम बच्ची के सिर में चोट लग गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चैन के साथ 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद हुई है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 20 सितंबर को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला घरेलू कार्य से हरिद्वार गई थीं। वापस लौटते समय आईटीआई जगजीतपुर, लक्सर रोड के पास बाइक सवार आरोपी ने उन्हें रुकने का इशारा किया। महिला ने स्कूटी नहीं रोकी तो आरोपी ने स्कूटी में लात मारकर उन्हें गिरा दिया और गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गया। इस दौरान स्कूटी से गिरने के कारण महिला की तीन वर्षीय बेटी के सिर में चोट आई थी। उपचार और बच्ची की देखभाल के बाद महिला ने कनखल थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार सुराग जुटाने के बाद पुलिस टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बाइक सवार आरोपी जमालपुर-जियापोता रोड की ओर आने वाला है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी सकपका गया और बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और बंद हो गई। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2022 में कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की घटनाओं में जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा पूर्व में की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देता था। इस बार भी उसने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला को निशाना बनाया, लेकिन भागने से पहले ही पुलिस की निगाह उस तक पहुंच गई। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।पुलिस टीम में शामिल रहे…
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह रावत प्रभारी चौकी जगजीतपुर, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, हेडकांस्टेबल जसबीर चौहान, कांस्टेबल दिगपाल भंडारी, कांस्टेबल बीरेन्द्र चौहान, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!