
पंच👊नामा
हरिद्वार: अपराधियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को भगवानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दिनदहाड़े की गई इस वारदात में पीड़ित बाल-बाल बच गया था, जबकि गोली एक अन्य युवक को छूती हुई निकल गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने पुलिस टीम का गठन किया। गठित टीम ने लगातार सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए अथक प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बीती 8 जनवरी को वादी आदित्य राणा पुत्र रविन्द्र राणा निवासी भगवानपुर ने थाना भगवानपुर पर तहरीर दी थी कि आरोपी मोन्टी निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर व उसका साथी रितिक निवासी रुहालकी दयालपुर ने उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। फायर की गई गोली दीवार से टकराकर शहजाद नामक युवक को छूती हुई निकल गई थी। इस मामले में थाना भगवानपुर पर मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अनमोल उर्फ प्रेमी उर्फ मोन्टी पुत्र भूपेन्द्र निवासी प्रताप कॉलोनी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 01 जनवरी को उसका और सह आरोपी रितिक का आदित्य राणा से झगड़ा हुआ था, जिसके चलते दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर आदित्य राणा की हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि सह आरोपी रितिक ने देशी तमंचे का इंतजाम किया था। दोनों को जानकारी थी कि आदित्य राणा नम्बरदार वाली गली से रोजाना आना-जाना करता है। दोनों बाइक से वहां पहुंचे, बाइक अनमोल चला रहा था जबकि पीछे बैठे रितिक ने तमंचे से फायर किया।
हालांकि आदित्य राणा बाल-बाल बच गया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार आरोपी रितिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण…
अनमोल उर्फ प्रेमी उर्फ मोन्टी पुत्र भूपेन्द्र निवासी प्रताप कॉलोनी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम..
उ0नि0 पुनीत दनौषी
का0 रविन्द्र राणा
का0 उवैदउल्लाह



