“गंगनहर की तेज धारा में समाया आईआईटी छात्र: 6 दिन बाद मिला शव, लगातार चला रेस्क्यू ऑपरेशन, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
रुड़की: छह दिन से गंगनहर में डूबकर लापता चल रहे आईआईटी रुड़की के छात्र आशीष शुक्ला का शव मंगलवार सुबह पुलिस ने बरामद कर लिया।
लगातार कई दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद छात्र का शव मोहम्मदपुर झाल के पास गंगनहर से मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सियाल ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा था। सर्च ऑपरेशन में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा नियंत्रण टीमों के
साथ-साथ अन्य राज्यों से बुलाए गए विशेषज्ञ गोताखोर भी लगातार जुटे हुए थे। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह छात्र का शव गंगनहर आसफ नगर झाल से बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि छह दिन पूर्व रुड़की स्थित नगर निगम घाट पर आईआईटी के कुछ छात्र घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से आशीष शुक्ला गंगनहर के तेज बहाव में बह गया था।
घटना के समय साथ मौजूद अन्य छात्रों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज धारा के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सर्च अभियान शुरू कराया था।
लगातार छह दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद आखिरकार छात्र का शव बरामद होने से परिजनों और साथियों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।



