
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर लड़ाई-झगड़ा कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों की अब खैर नहीं! पटेलनगर क्षेत्र में दो दिनों के भीतर अलग-अलग विवादों में भिड़कर जमकर हुड़दंग मचाने वाले 15 लोगों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ने लगा तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी को कानून का पाठ पढ़ा दिया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ दून पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पटेलनगर क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग विवादों में पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, दोनों ही घटनाओं में विवाद कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे शांत होने के बजाय और अधिक उग्र हो गए व आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
केस-1: दो पक्षों के विवाद में 11 गिरफ्तार…..
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया है और दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे से मारपीट करते हुए हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों पक्षों के लोग नहीं माने और अधिक उग्र होकर आपस में भिड़ने पर आमादा हो गए। मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में शामिल हैं…..
1:- राकिब (24) पुत्र सईद अहमद, निवासी शंकरपुर रामपुर, सेलाकुई।
2:- शाकिर (26) पुत्र सईद अहमद, निवासी शंकरपुर रामपुर, सेलाकुई।
3:- मुस्तकीम (50) पुत्र फतेहद्दीन, निवासी वन विहार, सपना हॉस्टल, मेहूंवाला, पटेलनगर।
4:- प्रवेश (25) पुत्र मुस्तकीम, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
5:- दिलशाद (38) पुत्र फतेहद्दीन, निवासी बड़ी मस्जिद के पास, मेहूंवाला, पटेलनगर।
6:- शाहिद (19) पुत्र मुमताज, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
7:- जुनैद (19) पुत्र दिलशाद, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
8:- शोएब (21) पुत्र दिलशाद अली, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
9:- शहजाद अली (36) पुत्र फतेहद्दीन, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
10:- शबनम (42) पत्नी मुमताज, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
11:- गुलफसा (31) पत्नी शहजाद, निवासी मेहूंवाला, पटेलनगर।
केस-2: पटेलनगर बाजार में भिड़े दो पक्ष, चार गिरफ्तार……
दूसरी घटना 18 अक्टूबर की है। पुलिस को पटेलनगर बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की।लेकिन यहां भी पुलिस की समझाइश का असर नहीं हुआ। विवाद में शामिल लोग और उग्र हो गए और आपस में मारपीट करने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में शामिल हैं……
1:- दीपक कुमार (44) पुत्र राजवीर सिंह, निवासी डी-407, एनबीसीसी टाउन, खेकड़ा, बागपत, उत्तर प्रदेश।
2:- विवेक (44) पुत्र तिलकराम, निवासी खेकड़ा, बागपत, उत्तर प्रदेश।
3:- बबलू (45) पुत्र खिलरी, निवासी कट्टा, बागपत, उत्तर प्रदेश।
4:- राकेश (46) पुत्र नेतराम, निवासी खेकड़ा, बागपत, उत्तर प्रदेश।
सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर पुलिस की नजर…..
दोनों मामलों में पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पटेलनगर पुलिस की इन कार्रवाइयों के तहत दो दिनों में 15 लोगों की गिरफ्तारी से साफ है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है।



