“डाइकिन ने हरिद्वार में अधिकृत सेवा सहयोगियों को दिया प्रशिक्षण, उत्कृष्ट कार्य पर किया सम्मानित..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। विश्व की अग्रणी एयर कंडीशनिंग कंपनी Daikin Airconditioning India Pvt. Ltd. ने हरिद्वार स्थित Ambrosia Sarovar Portico में अधिकृत सेवा सहयोगियों के लिए सम्मान समारोह और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न शहरों से आए कंपनी के अधिकृत सेवा सहयोगियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, नई तकनीकों की जानकारी देना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सेवा सहयोगियों को सम्मानित करना रहा। इस दौरान कंपनी के विशेषज्ञों ने नई एक्सवी सीरीज के एयर कंडीशनर की तकनीकी विशेषताओं और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में पिछले सीजन के दौरान सेवा कार्य में आई चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही आगामी सीजन को ध्यान में रखते हुए बेहतर रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। कंपनी अधिकारियों ने ग्राहकों को त्वरित और बेहतर सेवा देने के लिए उसी दिन एसी स्थापना (50 प्रतिशत) और उसी दिन शिकायत का निस्तारण (75 प्रतिशत) जैसे सेवा लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सेवा सहयोगियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कंपनी की ओर से कहा गया कि डाइकिन का लक्ष्य ग्राहकों को बेहतर उत्पादों के साथ भरोसेमंद और त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है और इसमें अधिकृत सेवा सहयोगियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर कंपनी के अखिल भारतीय सेवा प्रमुख, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय सेवा प्रमुख, शाखा प्रमुख, व्यवसाय सेवा प्रबंधक और क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सेवा सहयोगियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ उनका परीक्षण भी लिया गया, ताकि सेवा की गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।



