“पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त एक्शन, चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड, अवैध खनन से जुड़ा है मामला..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अवैध खनन से जुड़े एक वायरल ऑडियो ने पुलिस महकमे में बड़ा भूचाल ला दिया है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सख्त रुख अपनाया और झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश चला गया है कि गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़ी किसी भी तरह की संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बात सामने आई थी। ऑडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया।
प्राथमिक जांच के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सख्त कदम उठाते हुए इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की विस्तृत जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि विभाग की साख और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
इन पर गिरी गाज…..
1:- उ0नि0 नवीन सिंह चौहान – चौकी प्रभारी, इकबालपुर
2:- हे0का0 ना0पु0 विरेन्द्र शर्मा
3:- हे0का0 ना0पु0 हरेन्द्र
4:- का0नि0 ना0पु0 विपिन कुमार
5:- का0नि0 ना0पु0 देवेश सिंह
6:- का0नि0 ना0पु0 प्रदीप



