“मां के साथ वृद्धाश्रम पहुंचे SSP नवनीत सिंह भुल्लर, बुजुर्गों के बीच मनाई दीपावली; किसी ने दिया आशीर्वाद तो किसी ने साझा किया अपना दर्द..!

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; त्योहार की रौनक अपनों के साथ हो तो खुशियां दोगुनी हो जाती हैं, लेकिन जिन बुजुर्गों के जीवन में अपनों का साथ नहीं है, उनके लिए किसी का चंद पल साथ बैठना भी अनमोल बन जाता है। दीपावली के खुशियों भरे माहौल में कुछ ऐसा ही अपनत्व और संवेदनशीलता का संदेश लेकर हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अपनी माता जी के साथ रावली महदूद स्थित वरिष्ठ नागरिक गृह पहुंचे। यहां उन्होंने बुजुर्गों के बीच समय बिताया, उनका हालचाल जाना और बातचीत कर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
एसएसपी को अपनी माता जी के साथ अचानक अपने बीच पाकर वरिष्ठ नागरिक गृह में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने सभी बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य व कुशलक्षेम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत करते हुए उनकी दिनचर्या, जरूरतों और किसी भी प्रकार की परेशानी के बारे में भी पूछा।
एसएसपी भुल्लर ने वरिष्ठ नागरिक गृह के प्रबंधक से भी मुलाकात कर वहां रह रहे बुजुर्गों को मिलने वाली आवश्यक सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और समय-समय पर उनकी देखरेख किए जाने के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बुजुर्गों की जरूरतों और उनकी बेहतर देखभाल को लेकर भी चर्चा की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान बुजुर्गों ने एसएसपी को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और दीपावली के अवसर पर उन्हें अपना स्नेह एवं आशीर्वाद दिया। माहौल में अपनत्व और भावनाओं की मिठास देखने को मिली।
एसएसपी हरिद्वार की यह पहल केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि समाज को बुजुर्गों के सम्मान, उनकी देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियों का एहसास कराने वाला एक खूबसूरत संदेश भी है। आखिर त्योहारों की असली खुशी सिर्फ रोशनी और सजावट में नहीं, बल्कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने में है, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।



