अपराधहरिद्वार

“छह साल की मासूम से दरिंदगी..! एक माह बाद भी पुलिस का पीछा जारी, गुनहगार की तलाश में ख़ाक छान रही टीमें..

मासूम को इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस ने झोंकी पूरी ताकत, SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर, इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में कई टीमें मैदान में, पड़ोसी राज्य तक तलाश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर: एक छह साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी…एक ऐसा जख्म, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। घटना को करीब एक माह गुजर चुका है, लेकिन मासूम के साथ हैवानियत करने वाला दरिंदा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने के बजाय चुनौती के रूप में लिया है। गुनहगार तक पहुंचने के लिए पुलिस दिन-रात एक किए हुए है। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है, संदिग्धों से पूछताछ का सिलसिला जारी है और जांच की आंच पड़ोसी राज्य तक पहुंच चुकी है। कई पुलिस टीमें अलग-अलग दिशाओं में सुराग तलाशने में जुटी हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। एसपी देहात अभय सिंह, सीओ बहादराबाद सहित पुलिस के अन्य उच्चाधिकारी भी लगातार जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से पुलिस टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों और संभावित आवाजाही के रास्तों तक हर पहलू को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी संभावित सुराग को नजरअंदाज न किया जाए और आरोपी तक पहुंचने के लिए हर जरूरी कड़ी को जोड़ा जाए।इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में मोर्चे पर डटीं टीमें……
इस पूरे चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। कोई टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तो कोई संदिग्धों से पूछताछ और उनकी गतिविधियों की पड़ताल में जुटी है। वहीं, दूसरी टीमें आसपास के क्षेत्रों में सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। जांच का दायरा केवल पिरान कलियर तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पड़ोसी राज्य में भी पुलिस टीमें संभावित सुराग तलाश रही हैं।रैनबसेरे से कुछ दूर खंडहर में हुई थी दरिंदगी……
दरअसल, करीब एक माह पूर्व पिरान कलियर स्थित रैनबसेरे से छह वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई थी। आरोप है कि बच्ची को रैनबसेरे से कुछ दूरी पर एक सुनसान खंडहरनुमा स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किसी तरह बच्ची वहां से निकलकर अपने परिजनों तक पहुंची। परिजन उसे लेकर तत्काल कलियर पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए मामले की जांच शुरू कर दी।सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की गई और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती पड़ताल में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगने के बाद पुलिस के सामने चुनौती और बड़ी होती चली गई। समय बीतने के साथ जांच का दायरा भी बढ़ाया गया और अब तक कई स्तरों पर पड़ताल जारी है।फाइलों में दफन नहीं होने दिया जाएगा मामला…….
करीब एक माह बीतने के बावजूद पुलिस का जांच अभियान थमा नहीं है। लगातार की जा रही मॉनिटरिंग और अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही टीमों की सक्रियता इस बात का संकेत है कि पुलिस इस मामले को अधूरा छोड़ने के मूड में नहीं है। छह साल की मासूम के साथ हुई इस अमानवीय घटना में आरोपी की गिरफ्तारी केवल एक पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाने का सवाल है।अब हर किसी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। उम्मीद है कि लगातार जारी पड़ताल, तकनीकी साक्ष्यों और जमीनी स्तर पर जुटाई जा रही जानकारियों के बीच कोई अहम कड़ी सामने आएगी और मासूम के साथ दरिंदगी करने वाला शख्स कानून के शिकंजे में होगा। क्योंकि इस मामले में सवाल सिर्फ एक अपराध के खुलासे का नहीं, बल्कि एक मासूम के टूटे भरोसे और इंसानियत को शर्मसार करने वाले गुनहगार को सजा के दरवाजे तक पहुंचाने का है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!