
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अपराधियों की धरपकड़ से लेकर संदिग्धों की निगरानी और किरायेदारों के सत्यापन तक, पटेलनगर में दून पुलिस ने एक ही दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अपराधियों और नियमों को ताक पर रखने वालों को सख्त संदेश दे दिया। पुलिस ने जहां वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं, वहीं नाबालिग को बहला – फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उधर, सत्यापन अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले 25 भवन स्वामियों पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया गया।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं के खुलासे, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर पुलिस को सक्रिय किया गया।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन मोर्चों पर सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में आरोपी को दबोचा और क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की।
नशे की लत ने बनाया वाहन चोर, दो मोटरसाइकिलें बरामद……
पटेलनगर के वन विहार मेहूंवाला निवासी मोहम्मद खुर्रम की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही पुराने वाहन चोरों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
इसी दौरान 4 नवंबर को महाराणा प्रताप पार्क के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने नासिर उर्फ माठू और सादिक उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने नशे का आदी होना और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से पटेलनगर से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा प्रेमनगर क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की।
आरोपी चोरी के वाहन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नासिर उर्फ माठू (32 वर्ष), निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर और सादिक उर्फ सोनू (30 वर्ष), निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार शामिल हैं।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार…….
दूसरी कार्रवाई में पटेलनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी मोहित सैनी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पटेलनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को मोहित सैनी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस टीम को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहित सैनी को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग को सकुशल बरामद किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम दादनपुर, ननौता, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।
400 से अधिक लोगों का सत्यापन, 25 मकान मालिकों पर ढाई लाख की चोट…….
तीसरी कार्रवाई के तहत पटेलनगर पुलिस ने देहराखास, बंजारावाला, चमनपुरी सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे और जमानत पर चल रहे तीन अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने व अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 25 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।



