
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मायापुर स्थित होटल चित्रा ग्रैंड में युवती के साथ ठहरे देहरादून के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार देर रात हुई इस घटना से होटल में हड़कंप मच गया। साथ ठहरी युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने दुपट्टे से फांसी लगा ली थी। उसने चाकू से दुपट्टा काटकर युवक को नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस की मदद से मेला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान साहिल (23) निवासी रायवाला, देहरादून के रूप में हुई है। वह 28 वर्षीय युवती के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल संचालक के अनुसार घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है। युवती ने पूछताछ में बताया कि घटना के समय वह सो रही थी। आंख खुलने पर साहिल को फंदे पर लटका देखा तो चाकू से दुपट्टा काटकर उसे नीचे उतारा।
मेला अस्पताल से डेथ मेमो मिलने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने एहतियातन होटल के संबंधित कमरे को बंद करा दिया है। अब पुलिस युवती के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों का मिलान कर रही है। मामले में एफएसएल टीम से भी जांच कराई जाएगी।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।



