
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अपराधियों और संदिग्धों पर शिकंजा कसने के साथ ही नियमों को ताक पर रखकर किरायेदारों को पनाह देने वाले मकान मालिक भी अब दून पुलिस के निशाने पर हैं। पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक ओर व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर 450 से अधिक बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की कुंडली खंगाली, तो दूसरी ओर अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक वारदात की फिराक में घूम रहे युवक को खुखरी के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 35 भवन स्वामियों पर 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना ठोकते हुए पुलिस ने साफ कर दिया कि अपराधियों को संरक्षण देने और कानून की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब सख्ती जारी रहेगी।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपदभर में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों, संदिग्धों और बाहरी लोगों का सत्यापन करने के साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त, चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने देहराखास, बंजारावाला, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 450 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे चार अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन अभियुक्तों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
वहीं, सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 35 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों को नजरअंदाज कर किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों में हड़कंप मचा रहा।
उधर, अवैध खुखरी लेकर घूम रहा युवक दबोचा…….
सत्यापन अभियान के साथ ही पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक भुड़पुर नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
गिरफ्तार युवक की पहचान अजमल पुत्र कुर्बान अली, निवासी ग्राम परवल, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद करते हुए उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। खुखरी के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कांस्टेबल अनिल भंडारी और कांस्टेबल रजत पवार शामिल रहे।
देहरादून; पटेलनगर बाजार में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और हुड़दंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। बाजार में लड़ाई-झगड़ा कर माहौल बिगाड़ रहे युवक को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस के सामने ही और अधिक उग्र हो गया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में पटेलनगर बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज और हुड़दंग किए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना पर पटेलनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत होने के बजाय मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति बिगड़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते पुलिस ने नीरज सिंह रावत (25 वर्ष), पुत्र धीरज सिंह रावत, निवासी चंद्रबनी ट्रांसपोर्ट नगर, नया गांव, पटेलनगर को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।



