
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; त्योहारी सीजन में शराब की अवैध बिक्री के लिए घरों में भी स्टॉक जमा किया जा रहा है। आबकारी विभाग की छापेमारी में ज्वालापुर के एक घर से अंग्रेजी शराब, देशी शराब और बीयर का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। आबकारी टीम ने घर से करीब छह पेटी अवैध शराब कब्जे में लेते हुए जगपाल के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांड शामिल हैं।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के निर्देश पर मंगलवार को आबकारी विभाग की क्षेत्र एक हरिद्वार की टीम ने यह कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने ज्वालापुर निवासी जगपाल के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग ब्रांड की शराब का स्टॉक मिला। टीम ने मौके से इम्पीरियल ब्लू के 93 पव्वे, रॉयल स्टैग के 55 पव्वे, ब्लेंडर्स प्राइड के सात पव्वे और इमेजिंग वोदका के 15 पव्वे बरामद किए।
इसके अलावा बेयॉन्ग बीयर के 24 कैन और माल्टा ब्रांड देशी शराब के 51 टेट्रा पैक भी मिले। आबकारी टीम ने पूरी खेप को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। अब विभाग की कार्रवाई के साथ शराब के अवैध भंडारण और बिक्री से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सभी टीमों को अपने क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के भंडारण और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



