पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवक ने दुष्कर्म के दौरान युवती की फोटो और बना ली। बाद में युवती का रिश्ता तय होने पर आरोपित ने फोटो और वीडियो प्रसारित कर उसका रिश्ता तुड़वा दिया। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही एक युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद आरोपित ने कई बार उसके साथ अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
बाद में युवती के बालिग होने पर जब उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने पुलिस को शिकायत करने की बात कही। इस पर गांव के ही कुछ जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। उस समय युवक ने युवती के साथ भविष्य में कोई रिश्ता नहीं रखने का वादा किया था।
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों उन्होंने अपनी पुत्री का रिश्ता मंगलौर क्षेत्र में तय कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी आरोपित युवती को धमकी देकर परेशान कर रहा है। इसी दौरान उसने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति और ससुराल वालों को भेज दिए।
जिस पर युवती का रिश्ता टूट गया। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपित युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



